सफीदों। रेलवे रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा स्थित एटीएम में कार्ड बदलकर 49 हजार 500 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। घटना में कार्ड बदलने वाले युवक का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुआना गांव निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह नगर के रेलवे रोड स्थित एसबीआई बैंक शाखा के एटीएम से अपने खाते में से 500 रुपये निकलवाने के लिए गया था। उसके पीछे-पीछे एक युवक भी एटीएम के अंदर आ गया। उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो उस युवक ने कहा कि वह पैसे निकालकर देता है। उस युवक ने उसका एटीएम लेकर उसे 500 रुपये निकालकर तो दे दिए लेकिन उसके एटीएम कार्ड के बदले दूसरा कोई एटीएम उसके हाथ में थमाकर रफूचक्कर हो गया। विकास ने बताया कि कुछ ही देर के बाद उस युवक ने उसके एटीएम कार्ड के माध्यम से चार बार 10-10 हजार तथा एक बार 9500 रुपये निकाल लिए। इस घटना में उसे 49 हजार 500 रुपये की चपत लगी है। उसने बैंक में संपर्क करके वहां पर फुटेज देखी तो वह युवक साफ दिखाई दे रहा है। विकास ने बताया कि इस संबंध में शिकायत व फुटेज पुलिस को दे दी है।