जींद। सफीदों के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के बाहर एक युवक को खुले पैसे के बदले बंधे देने का झांसा देकर 40 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। गांव बहादुरगढ़ निवासी सुखपाल ने सफीदों थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हाट रोड स्थित एसबीआई की एटीएम से 40 हजार रुपये निकाले थे। इस दौरान एटीएम में उसके साथ एक युवक खड़ा हुआ था। जब वह पैसे निकालकर चलने लगा तो वह युवक उसके पीछे आने लगा। जब वह खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के पास पहुंचा तो युवक ने उसे रोक लिया और कहने लगा उसके पास खुले पैसे हैं और उसके बदल में उसको बंधे पैसे दे दे। इस पर वह उसके झांसे में आ गया और 40 हजार रुपये जेब से निकालकर युवक को दे दिए। युवक ने पैसे लेते ही वहां से फरार हो गया। शोर मचाए जाने पर आसपास के लोगों ने पीछा किया, लेकिन युवक फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।