अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना शुरू कर दिया है। इसके लिए कर्मचारियों को निगम ने बिजली चोरी पकड़ने के बाद जमा राशि में से रिवॉर्ड के रूप में 10 प्रतिशत इनसेंटिव दिया। पिछले दिनों जींद में यूएचबीवीएन और डीएचबीवीएन के सीएमडी शत्रुजीत कपूर ने अधिकारियों और कर्मचारियों संग बैठक की थी। बैठक में पूरे जींद सर्किल का आंकड़ा बताते हुए 2500 करोड़ की वार्षिक बिजली चोरी बताई थी और बिजली चोरी को रोकने के आदेश भी दिए थे। इसके अलावा निगम ने एक सर्कुलर भी जारी किया है। इसके तहत जो भी एरिया इंचार्ज अपनी टीम के साथ बिजली चोरी पकड़ेगा उसे उस चोरी की निगम में जमा हुई राशि का 10 प्रतिशत दिया जाएगा। इसपर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की जुलाना सब डिविजन में रिवॉर्ड वितरण समारोह किया गया। इस मौके पर जींद के कार्यकारी अभियंता महाबीर सिंह हुड्डा और उपमंडल अधिकारी कृष्ण कुमार उपस्थित रहे। यहां पर कार्यकारी अभियंता जींद ने बिजली चोरी पकड़ने वाले कर्मचारियों को रिवॉर्ड के रूप में इनसेंटिव दिया। लगभग 21 हजार रुपये के करीब राशि जेई, एएफएम, लाइनमैन और एएलएम को वितरित की गई। कार्यकारी अभियंता महाबीर सिंह ने कहा कि कोई भी व्यक्ति निगम के टोल फ्री नंबर पर बिजली चोरी की सूचना दे सकता है। इस दौरान शिकायतकर्ता का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा। जितने रुपये की चोरी पकड़ी जाएगी, उसमें से 10 प्रतिशत हिस्सा शिकायतकर्ता को दिया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ अजय सिंह यूडीसी, संजय लाठर, राजेंद्र एएफएम, तकदीर सिंह, संदीप कुमार कैशियर, मुकेश सैनी, पुनीत, अमित, प्रवीन, रामनिवास एलडीसी सहित काफी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
बिजली चोरी पकड़ने वाले कर्मियों को मिला इनाम