संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। सीआईए की टीम ने एक व्यक्ति की गाड़ी से तीन किलो 864 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान धर्मगढ़ बोहली गांव निवासी आत्मप्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नशीला पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
सीआईए की टीम पुराना बस अड्डा सफीदों के पास गश्त कर रही थी। उसी दौरान सूचना मिली कि धर्मगढ़ बोहली निवासी आत्मप्रकाश नशीला पदार्थ डोडा पोस्त बेचने का धंधा करता है और वह डोडा पोस्त लेकर उसे बेचने के लिए सफीदों आएगा। सीआईए ने नगर के खानसर चौक से धर्मगढ़ बोहली रोड पर नाकाबंदी शुरु कर दी। दस मिनट बाद धर्मगढ बोहली गांव की तरफ से एक गाड़ी आती दिखाई दी। टीम ने उस गाड़ी को रुकवाया तो उसमें आत्मप्रकाश निवासी धर्मगढ बोहली बैठा हुआ था। पुलिस ने राजपत्रित अधिकारी एसडीओ बिजेंद्र सिंह को बुलाया और उनकी मौजूदगी में आरोपी आत्मप्रकाश की गाड़ी की तलाशी ली तो गाड़ी की पिछली सीट पर रखे एक प्लास्टिक के कट्टे से 3 किलो 864 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।