25जेएनडी04: हिंदू कॉलेज में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य जांच करते हुए स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
जींद। हिंदू कन्या महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ एवं युवा रेड क्रॉस प्रकोष्ठ की ओर से नागरिक अस्पताल के सहयोग से सेवा संकल्प अभियान के तहत एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में करीब 220 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। छात्राओं को पौष्टिक और संतुलित आहार लेने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए प्रेरित किया। शिविर का शुभारंभ डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश भोला, प्राचार्या डॉ. पूनम मोर ने किया। प्राचार्या डॉ. पूनम मोर ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है। शिविर का संचालन महिला प्रकोष्ठ प्रभारी नीलम और रेड क्रॉस प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. सीमा दलाल ने किया। नागरिक अस्पताल से पहुंची टीम में एसएमओ डॉ. निशा शर्मा, आहार विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र कुमार, नेत्र विशेषज्ञ राम कुमार श्योराण, दंत विशेषज्ञ डॉ. पूनम लोहान और ममता शामिल रहीं। चिकित्सकों ने छात्राओं, स्टाफ सदस्यों और शहरवासियों की नेत्र, दंत, खून, महिला रोग और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की। आहार विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र कुमार ने पर्याप्त पानी पीने, अधिक मीठे से बचने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. पूनम मोर, सेवा संकल्प अभियान संयोजिका अंजलि और सह-संयोजिका डॉ. गीता गुप्ता ने चिकित्सकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।