महिला की थर्मल स्क्रीनिंग करता स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी।
- फोटो : Jind
जुलाना के वार्ड नंबर तीन निवासी कोरोना संक्रमित 22 वर्षीय गर्भवती महिला की रविवार सुबह मौत हो गई। महिला सात माह के गर्भ से थी। 27 अक्तूबर को महिला को बुखार के बाद पीजीआई रोहतक में दाखिल करवाया गया था। जांच करने पर उसे कोरोना संक्रमित पाया गया था। परिजन महिला को घर पर क्वारंटीन करने ले आए। 31 अक्तूबर को अचानक उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद परिजन फिर से उसे रोहतक पीजीआई लेकर चले गए। रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। रोहतक में ही महिला का कोरोना गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया। जिले में अब तक 48 कोरोना संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं रविवार को 25 नए कोरोना संक्रमण मिले। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि रविवार को एक महिला की मौत हुई है। जिले में अब तक 2906 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 2665 लोग ठीक हो चुके हैं। इस समय जिले में 193 लोग संक्रमित हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि रविवार को स्वास्थ्य विभाग को 918 लोगों की रिपोर्ट मिली थी। इनमें से 25 लोग संक्रमित मिले थे। वहीं रविवार को 258 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।