अमर उजाला ब्यूरो
जींद। राजपुरा भैण गांव में प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित करने के लिए समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर सीबीआई के विशेष जज जगदीप लोहान ने शिरकत की। कार्यक्रम उनके पिता स्व. मास्टर बलबीर सिंह की याद में हर वर्ष आयोजित किया जाता है। यह तीसरा समारोह था। इसमें गांव के प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर सीबीआई के विशेष जज जगदीप लोहान तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष मैहला ने त्रिवेणी लगाकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। जज जगदीप की पत्नी डॉ. रजनी लोहान, विजुअल परफॉर्मिंग आर्ट यूनिवर्सिटी रोहतक के वीसी डॉ. राजबीर लोहान, उनकी पत्नी डॉ. शरणदीप कौर जो हरियाणा वेलफेयर सोसायटी की चेयरपर्सन ने भी पौधरोपण दिया। जज जगदीप ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसी को प्राप्त करने के लिए जी तोड़ मेहनत करें। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्व. मास्टर बलबीर सिंह जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई, उनसे पढ़े हुए अनेक युवक और युवतियां आज ऊंचे पदों पर आसीन हैं। इस अवसर पर प्रवर पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण सिंह, जींद की मुख्य न्यायायिक दंडाधिकारी इशा खत्री, नरेश जागलान, गांव के सरपंच जयबीर, दलशेर लोहान मौजूद रहे।