सफीदों। पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आदर्श कॉलोनी निवासी संजय और वाल्मीकि बस्ती के अरविंद के रूप में हुई है। मामले के जांच अधिकारी एएसआई यशवीर सिंह ने बताया कि पुलिस कई दिनों से चोरी की घटनाओं में संलिप्त इन युवकों की तलाश कर रही थी। गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों ने पूछताछ के दौरान यह स्वीकार किया कि उन्होंने सफीदों शहर व आसपास के क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। उन्होंने स्वीकार किया कि सफीदों के बीडीपीओ कार्यालय के पास से उक्त युवक ने एक मोबाइल की दुकान से मोबाइल चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों से 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।