परीक्षा में स्कूल अध्यापकों पर नकल करवाने का लगाया लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सात मार्च से दसवीं और बारहवीं की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो रही है। नकल रहित परीक्षाएं करवाने के लिए जहां बोर्ड ने पुख्ता प्रबंध किए हैं, वहीं कुछ ऐसे अध्यापक भी हैं जो गलत तरीके से परीक्षाओं में अपनी ड्यूटी लगवा लेते हैं। यह सब सुपरिंटेंडेंट और स्कूल मुखिया की मिलीभगत से संभव होता है। कानूनी तौर पर किसी भी परीक्षा केंद्र पर यदि बोर्ड द्वारा नियुक्त कोई सदस्य नहीं पहुंचता है तो जिला शिक्षा अधिकारी संबंधित डीईओ और बीईओ के आदेशों की अनदेखी कर परीक्षा अधीक्षक अपने चहेते अध्यापकों को नियुक्त कर लेते हैं। इसके बाद परीक्षा में फिर भाई-भतीजावाद और नकल करवाने का सिलसिला शुरू हो जाता है। जुलाना के रोहिला सीनियर सेकेंडरी स्कूल की मुख्य अध्यापिका निर्मल रोहिला ने कहा कि जुलाना में कुछ ऐसे निजी स्कूल हैं, जिनके मालिक खुद राजकीय स्कूलों में अध्यापक हैं। वह या तो क्लर्क बनकर या फिर किसी अन्य तरीके से नकल करवाने का प्रायोजित कार्यक्रम चलाए हुए हैं। इसके कारण प्रतियोगी परीक्षाओं में बच्चे क्वालीफाई नहीं कर पाते।