ट्रांसपोर्टरों ने नरवाना में रोके ट्रक
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। 20 जुलाई से चल रही ट्रांसपोर्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते शुक्रवार को नरवाना शहर के ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल को सफल बनाने के लिए नरवाना से होकर गुजरने वाले लोड वाहनों को रोककर सरकार के खिलाफ रोष जताया। ट्रांसपोर्टर मालिकों ने लगभग तीन दर्जन ट्रक व अन्य लोडिंग वाहनों को कुछ देर नरवाना से आगे नहीं जाने दिया। ट्रक चालकों ने कहा कि उन्हें धक्के से रोका गया है। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी शिव नारायण शर्मा मौके पर पहुंचे और ट्रांसपोर्टरों को धक्केशाही न करने की अपील की। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है, जिससे साबित हो जाता है कि सरकार ट्रांसपोर्ट के हित में कार्य करने के लिए राजी नहीं है। ट्रांसपोर्टर मालिक नंदलाल शर्मा, कुलदीप, पोलाराम ने कहा डिक उनकी लगातार एक हफ्ते से ट्रांसपोर्ट की हड़ताल चली हुई है लेकिन सरकार के किसी नुमाइदें ने उनकी सुध नहीं ली। उन्होंने सरकार से डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने और हर वर्ष थर्ड पार्टी बीमा की फीस बढ़ाने पर रोक लगाने की मांग की।