‘पेंशनरों की मांगों की अनदेखी कर कर रही सरकार’
सफीदों। हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन सफीदों यूनिट की बैठक विद्युत सदन सफीदों में हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र वशिष्ठ और संचालन प्रधान कलीराम शर्मा ने किया। बैठक में पेंशनरों की मांगों व समस्याओं पर विचारविमर्श किया गया। अपने संबोधन में राजेंद्र वशिष्ठ ने कहा कि सरकार पेंशनरों की मांगों व समस्याओं को जानबूझकर नजर अंदाज कर रही है। उन्होंने सरकार से पंजाब के समान वेतन स्केल, पेंशन वृद्धि 15 प्रतिशत, अन्य राज्यों की भांति फ्री बिजली यूनिट, कैशलेश मेडिकल सुविधा, मेडिकल भत्ता तीन हजार मासिक, महिला पेंशनरों को एलटीसी सुविधा, पेंशनरों को एलटीसी सुविधा, महंगाई भत्ता में बढ़ोतरी, रिटायरमेंट में छह माह पहले जीपीएफ बंद व भाड़े में छूट प्रदान करने की मांग की। इस मौके पर रामनिवास नारा, सीआर रौहिल्ला, जिले सिंह, जयपाल, महेंद्र शर्मा, सूरजभान सैनी और भूप सिंह पांचाल भी मौजूद रहे।