मोदी ने चंद उद्योगपतियों के फायदे के लिए बनाया है, गब्बर सिंह टैक्स : सुरजेवाला
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। कांग्रेस पार्टी के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भारत के 125 करोड़ लोगों और कांग्रेस पार्टी के विरोध के आगे भाजपा सरकार का अहंकार हार गया। कांग्रेस पार्टी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा बनाए गए लगातार दबाव के आगे मोदी सरकार और जीएसटी काउंसिल को झुकना पड़ा और मोदी सरकार को दैनिक उपयोग की कई वस्तुओं से टैक्स 28 प्रतिशत से 18 प्रतिशत करने पर मजबूर हुई। सुरजेवाला शनिवार सायं कान्हाखेड़ा में रामभगत नैन की बेटियों को आशीर्वाद देने पहुुंचे थे। सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा चंद वस्तुओं पर लगाने वाले टैक्स को आंशिक तौर से कम करने से जीएसटी का अर्थव्यवस्था पर लग रही करारी चोट की वास्तविकता नहीं बदल जायेगी। भारत की जनता खासकर दुकानदार, व्यापारी, लघु एवं कुटीर उद्योग मोदी के गब्बर सिंह टैक्स की नौ सीखिया संरचना, बनावट और क्रियांवन से आज भी हताश व निराश हैं। कांग्रेस पार्टी ने पहले दिन से ही 18 प्रतिशत जीएसटी की सीमा तय करने की मांग की थी लेकिन हठी मोदी सरकार ने 28 प्रतिशत वाला जीएसटी दिया जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। पेट्रोलियम उत्पादों, रियल एस्टेट और बिजली को जीएसटी के दायरे में क्यों नहीं लाया जा रहा। इस मौके पर जगरूप सिंह सुरजेवाला, कैलाश सिंगला, पूर्व पार्षद रामपाल उझाना, पार्षद राजू, प्रवीण शर्मा, दिलबाग सिंह नैन, डॉ. शमेशर सिंह नैन, पूर्व पार्षद कर्मबीर सैनी, सतबीर दबलैन, संजीव धमतान, धौला नैन, कृष्ण चौपड़ा, वीरेंद्र बेलरखा, बृषभान फूलियां सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।