जींद। अर्बन एस्टेट स्थित सैनी धर्मशाला में हुए जिला सैनी सभा के चुनाव में सर्वसम्माति से पार्षद हरिंद्र उर्फ काला सैनी को जिला प्रधान चुन लिया गया। इस चुनाव की अध्यक्षता सभा के निवर्तमान प्रधान करतार सैनी ने की। चुनाव में नरवाना, सफीदों, जुलाना, पिल्लूखेड़ा, उचाना व जींद ब्लॉकों से सैनी समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भाग लिया। प्रधान पद के लिए प्रारंभ में विजय सैनी, राजपाल सैनी, सत्यवान, दिनेश सैनी, विनोद सैनी व होशियार सिंह सैनी के नाम सामने आए। अन्य उम्मीदवारों द्वारा उम्मीदवारी से नाम वापस लेने के बाद अंत में तीन ही उम्मीदवार हरिंद्र काला, जिला पार्षद विनोद सैनी व सफीदों से सत्यवाद मैदान में रह गए। इन तीनों के बीच सर्वसम्मति कराने के लिए समाज के प्रबुद्ध लोगों ने एक समिति का गठन किया, जिसमें सैनी समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष जत्था सैनी, आढ़ती राजकुमार सैनी, अभयसिंह आर्य, नरवाना से मातुराम, जुलाना से बलजीत सिंह, नगूरां से धर्मसिंह, उचाना से लाला सैनी, सफीदों से रोशन नंबरदार, पिल्लूखेड़ा से होशियार सिंह को शामिल किया गया। इस समिति ने तीनों उम्मीदवारों के बीच सर्वसम्मति कराते हुए जींद नगर परिषद से पार्षद हरिंद्र उर्फ काला सैनी को जिला प्रधान चुनने की हरी झंडी दी। समाज के लोगों ने इस पर मुहर लगा दी। नवमनोनित प्रधान को नई कार्यकारिणी चुनने का अधिकार भी दे दिया।