जींद को पर्यटन के क्षेत्र में मिलेगी पहचान
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। जिले को पर्यटन के क्षेत्र में पहचान देने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। सरकार ने जींद में हॉल ऑफ फेम का निर्माण करवाने का निर्णय लिया है। इसमें उन्हें प्रदेश की समृद्ध संस्कृति एवं सभ्यता से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं को देखने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। दस एकड़ में बनने वाले इस केंद्र के लिए प्रशासन ने भूमि की तलाश शुरू कर दी है। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने स्वर्ण जयंती वर्ष के तहत दो जिलों में हॉल ऑफ फेम बनाने का फैसला लिया है। इनमें से एक केंद्र जिले में बनाया जाएगा। इस केंद्र में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति एवं सभ्यता से जुड़ी सभी चीजों को संजोया जाएगा। इस केंद्र के बनाने का मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को ऐतिहासिक चीजों से रूबरू करवाकर उन्हें हरियाणवीं संस्कृति से जोड़े रखना है। इस केंद्र में म्यूजियम, आडिटोरियम सहित अब तक की विकास गाथा को दर्शाया जाएगा। साथ ही पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का प्लान भी तैयार किया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा पर्यटक यहां आकर हरियाणवी सभ्यता एवं संस्कृति से जुड़ सकें। इस केंद्र के निर्माण के लिए 20 एकड़ जमीन का होना जरूरी था, लेकिन शहर के आसपास मुख्य सड़क पर इतनी जमीन मिलना काफी मुश्किल था, इसलिए जिला प्रशासन ने इस केंद्र को 10 एकड़ क्षेत्र में बनाने की मंजूरी ले है। जिसको जल्द ही विकासित करने का काम किया जाएगा।
जींद जिला आवारा पशुओं से मुक्त :डीसी
डीसी अमित खत्री ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि शहर की एम्पलाइज कालोनी, कृष्णा कालोनी व भगत
सिंह कालोनी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा फोगिंग करवाई जाएगी। सीवरेज की साफ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने
को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिये जा चुके हैं। जींद जिला पूरी तरह आवारा पशुओं से मुक्त हो चुका है।
जिले की सीमाओं पर निगरानी रखने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए हैं ताकि अन्य जिलों से हमारे जिले में कोई
पशु न छोड़ा जा सके। बड़ा बीड़ क्षेत्र में स्थायी नंदीशाला का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इस
नंदीशाला में नंदियों को शिफ्ट करने का कार्य भी शुरू हो चुका है। डीसी ने कहा कि लोग ठोस कूड़ा-कर्कट को
इधर-उधर न फेंककर इससे कम्पोटिंग खाद तैयार करें। इसके लिए जिला प्रशासन हरसंभव मदद के लिए तैयार है।
खिलाड़ियों को ऑनलाइन मिलेगा सामान
जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों को खेलों का सामान सहजता से उपलब्ध करवाने के लिए नया ऑनलाइन कार्यक्रम
शुरू किया है। कोई भी खिलाड़ी घर बैठे खेलों का सामान ऑनलाइन डिमांड कर मंगवा सकता है। इस कार्यक्रम को
शुरू करने के पीछे खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को निखारना है। इस ऑनलाइन सिस्टम का दूसरा फायदा यह है कि
कहीं से भी कोई भी व्यक्ति अपने खेल परिसरों में सामान मंगवा सकता है।
एसएसपी आवास से सफीदों बाइपास रोड बीएंडआर के हवाले होगा
डीसी अमित खत्री ने बताया कि गोहाना रोड पर एसपी की कोठी से सफीदों बाईपास रोड का निर्माण करवाने के लिए
भवन एवं सड़क निर्माण विभाग को इसकी जिम्मेदारी जल्द सौंपी जा सकती है। इस पर जिला प्रशासन द्वारा विचार
किया जा रहा है। इस बाईपास रोड के बनने से शहर से वाहनों का दबाव कम होगा और यात्रा भी सहज एवं सुरक्षित
बन जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा जिला की कई सड़कों का निर्माण करवाया जा रहा है और कई सड़कों का निर्माण
कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा।
सरकार ने जींद में हॉल ऑफ फेम का निर्माण करवाने का निर्णय लिया है। दस एकड़ में इसका निर्माण किया
जाएगा। इसके लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। इसमें समृद्ध संस्कृति एवं सभ्यता से जुड़ी ऐतिहासिक
वस्तुओं को दिखाया जाएगा।
अमित खत्री, डीसी जींद