डी प्लान की तीसरी किस्त में जिले को मिले 15.78 करोड़ रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने कहा कि डी-प्लान योजना की तीसरी किस्त में जिले को 15.78 करोड़ रुपये की राशि मिली है। इस राशि का खर्च शिवधाम नवीकरण योजना के लिए राज्य सरकार ने दिया है। इस राशि से जिला के शमशान घाटों, कब्रिस्तानों में कई प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। आदित्य दहिया ने यह जानकारी स्थानीय डीआरडीए के सभागार में आयोजित हुई जिला विकास एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि डी-प्लान योजना के तहत प्राप्त हुई इस राशि से जिला के शमशान घाटों में सैड बनवाने, पानी की व्यवस्था करने, फुटपाथ बनाने और शमशान घाटों को पक्की सड़कों से जोड़ने जैसे कई विकास कार्य भी करवाएं जाएंगे। इस राशि की 75 प्रतिशत राशि ग्रामीण क्षेत्र में तथा 25 प्रतिशत राशि शहरी क्षेत्र के शमशान घाटों एवं कब्रिस्तानों पर खर्च की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र के शिवधामों में सुविधाएं जुटाने पर 11 करोड़ 84 लाख 6 हजार रुपये की धनराशि खर्च होगी। शहरी क्षेत्र के शिवधामों पर तीन करोड़ 94 लाख 69 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राप्त हुई राशि में से जींद खंड को दो करोड़ 18 लाख 85 हजार, जुलाना खंड को एक करोड़ 47 लाख 89 हजार, अलेवा खंड को एक करोड़ दो लाख 52 हजार, नरवाना खंड को एक करोड़ 34 लाख 39 हजार, उझाना खंड को एक करोड़ 23 लाख 47 हजार, उचाना खंड को दो करोड़ छह लाख 32 हजार, सफीदों खंड को एक करोड़ 46 लाख पांच हजार तथा पिल्लूखेड़ा खंड को एक करोड़ चार लाख 58 हजार की धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। जींद नगर परिषद को 2 करोड़ 20 लाख पचास हजार, जुलाना नगरपालिका को 24 लाख 68 हजार, नरवाना नगर परिषद को 81 लाख 69 हजार, उचाना नगरपालिका को 22 लाख 11 हजार और सफीदों नगरपालिका को 45 लाख 69 हजार रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इस अवसर पर जिला परिषद की चेयरपर्सन पदमा सिंगला, एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल, सफीदों के एसडीएम मंदीप कुमार, नगराधीश सत्यवान सिंह मान, प्लानिंग अधिकारी जोगेंद्र सिंह काली रमण मौजूद रहे।