जकार्ता में दोहरे गोल्ड के लिए आज फिर दौड़ेंगे मनजीत
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। एशियाई खेलों में 800 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीत कर तिरंगा लहराने के बाद नरवाना के मनजीत चहल वीरवार को फिर से 1500 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल के लिए दौड़ेंगे। बुधवार को हुए क्वालीफाई मुकाबले में मनजीत ने फाइलन के लिए अपनी जगह बना ली है। वहीं वीरवार को ही नरवाना के कुरेश खिलाड़ी दिवेश का भी मुकाबला होगा। ऐसे में नरवाना के दो खिलाड़ियों से वीरवार को देश से उम्मीद रहेगी। क्वालीफाई के लिए हुई दौड़ में मनजीत ने तीन मिनट 44 सेकेंड में 1500 मीटर दौड़ पूरी की है। उम्मीद है कि फाइनल मुकाबले में टाइमिंग में और सुधार होगा। इससे देश को मेडल मिलने की उम्मीद काफी प्रबल है। मनजीत व दिवेश दोनों ही नरवाना के उझाना गांव के रहने वाले और किसान परिवार से संबंध रखते हैं। दिवेश के पिता रामपाल उझाना ने बताया कि दिवेश 90 किलोग्राम भार वर्ग में कुरेश में भाग लेगा। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे उनकी बात दिवेश से हुई है और वह देश के लिए मेडल जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं मनजीत के पिता रणधीर सिंह ने बताया कि 800 मीटर दौड़ में मेडल जीतने के बाद मनजीत का आत्मविश्वास काफी अच्छा है। इसका असर वीरवार को होने वाली दौड़ पर भी पड़ेगा। उन्हें विश्वास है कि मनजीत एक बार फिर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतेगा।