जींद। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की बैठक जिला प्रधान साधुराम की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव संजीव सिंगला ने किया। जिला प्रधान साधुराम ने कहा कि एचआरएमएस में अध्यापकों का डाटा अपलोड करने का आदेश जारी किया गया है और साथ ही यह आदेश भी जारी किया गया है कि जो अध्यापक अपना डाटा अपलोड नहीं करेगा उनका वेतन न निकाला जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में इंटरनेट और कंप्यूटर आदि का अभाव के कारण यह कार्य नहीं हो पा रहा है। इसी माह दीवाली का पर्व भी है और वेतन नहीं निकलवाने के आदेश तर्कसंगत नहीं है। इस आदेश का हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ विरोध करता है और चेतावनी देते हुए मांग करता है कि यदि 10 अक्टूबर तक वेतन नहीं निकाला गया तो 11 अक्टूबर को अध्यापक संघ जिला उपायुक्त कार्यालय पर धरना देगा। राज्य कोषाध्यक्ष महताब मलिक ने कहा कि ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि बिना किसी गलती के पूरे महीने काम करने के बाद भी त्यौहार सिर पर आने के बाद भी प्रदेश के अध्यापकों का वेतन रोका जा रहा है। अध्यापक संघ पहले भी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर 29 सितंबर को इसी मांग को लेकर धरना दे चुका है पर सरकार तानाशाही पर उतारू है। अगर जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो अध्यापक संघ जल्द ही बड़े आंदोलन की घोषणा करेगा व इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।