अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
दी जींद सहकारी चीनी मिल का पेराई सत्र सात नवंबर से शुरू होगा। इस बार 28 लाख क्विंटल से अधिक गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है। चीनी मिल के प्रबंध निदेशक अश्विनी मलिक ने यह जानकारी दी। प्रबंध निदेशक ने बताया कि इस बार मिल पिछले वर्ष की तुलना में लगभग एक महीना पहले शुरू की जा रही है। यह निर्णय जिले में गन्ने की उपलब्धता और किसानों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार 28 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले पेराई सत्र में 26.8 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की गई थी। पिछले साल 16896 एकड़ में गन्ना था। इस बार 15668 एकड़ में गन्ने की फसल खड़ी है। इसकी पेराई की जानी है। प्रबंध निदेशक ने जिले के गन्ना उत्पादक किसानों को सलाह दी है कि वे निर्धारित मिल पेराई सत्र को ध्यान में रखते हुए अपने गन्ने को मिल में पहुंचाएं।