स्वच्छ जल के लिए सांसद दुष्यंत चौटाला लगवाएंगे आरओ सिस्टम
अमर उजाला ब्यूरो
उचाना।
गांव खटकड़ के लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के लिए सांसद दुष्यंत चौटाला की ओर से आरओ लगवाया जाएगा। सांसद दुष्यंत चौटाला ने खटकड़ गांव में आरओ लगाने के लिए तीन लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। दुर्जनपुर, काबरछा गांव में भी अब पीने के पानी की दिक्कत नहीं रहेगी। दुर्जनपुर गांव में सबमर्सिबल लगाने के लिए सांसद ने नौ लाख 70 हजार रुपये जारी कर दिए हैं। इसी तरह काब्रछा में पीने के पानी का समर्सिबल लगाने के लिए पांच लाख रुपये की राशि जारी कर दी है । कहसून गांव स्थित ऐतिहासिक चबूतरे के लिए सांसद ने दस लाख रुपये की राशि जारी की है। इसके अतिरिक्त घसो कलां गांव में श्मशान घाट की चार दीवारी के लिए पांच लाख रुपये व करसिंधू गांव के शमशान घाट की चार दीवारी के लिए ढाई लाख रुपये जारी किए हैं। काकडोद गांव स्थित बाबा जीता गिरी तालाब की चारदीवारी के लिए सांसद ने नौ लाख 94 हजार रुपये जारी किए हैं। सांसद दुष्यंत चौटाला ने बताया कि उचाना हलके में विकास करवाना उनकी न केवल जिम्मेदारी है बल्कि नैतिक कर्तव्य भी है। यहां के लोगों ने हमेशा से ही भरपूर प्यार एवं आशीर्वाद दिया है सांसद दुष्यंत ने बताया कि पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ उनकी बातचीत हुई थी जिसमें यह बात सामने आई थी उचाना विधानसभा के कई गांव में पानी भरने और अन्य कारणों से बीमारियां फैलने का अंदेशा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उचाना विधानसभा के 19 गांवों में फॉगिंग मशीन देने का फैसला लिया है। फॉगिंग मशीन खरीदने के लिए एस्टीमेट बनाने हेतु अतिरिक्त उपायुक्त जींद को पत्र भी लिखा जा चुका है। सांसद ने बताया कि जिन गांवों में फॉगिंग मशीन दी जाएगी उनमें अलेवा, अलिपुरा, बधाना, भौंगरा, डूमरखां कला, डूमरखा खुर्द, घोघड़िया, झील, खेड़ी मसानिया, खरकबूरा, लोधर, मांडी कला, मंगलपुर, नगूरां, पेगा, संडील, सुदकैन खुर्द, डोहाना खेड़ा, उचाना खुर्द शामिल है।