जींद। लघु सचिवालय परिसर स्थित सभागार में सोमवार को समाधान शिविर लगाया गया। इसकी अध्यक्षता डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने की। शिविर में 14 शिकायतें पहुंची। डीसी ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में आयुष्मान कार्ड, शिक्षा, बुजुर्ग पेंशन, दिव्यांग पेंशन, पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतें, आपसी विवाद, पशुपालन लोन, कन्यादान योजना, राशन वितरण और पेयजल संबंधित समस्याओं की सुनवाई की गई। गांव रूपगढ़ से महेंद्र कुमार दिव्यांगता पेंशन बनवाने के लिए, गांव नंदगढ़ से जगदीश परिवार पहचान पत्र में सुधार के लिए, गांव बीबीपुर की रीना और गांव रत्ताखेड़ा की कृष्णा कन्यादान राशि के शीघ्र भुगतान के लिए और गांव धरौदी के रमेश पशुपालन डेयरी लोन के लिए अर्जी लेकर आए। डीसी ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करें। इस मौके पर एडीसी विवेक आर्य, जिला परिषद के सीईओ अनिल दून, सीटीएम डॉ. आशीष देशवाल, एसडीएम सत्यवान मान भी मौजूद रहे।