बारिश में गिरी मकान की छत, बाल-बाल बचा परिवार
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। शनिवार देर रात धरोदी रोड फाटक के निकट बारिश के दौरान एक मकान की छत गिर गई। परिवार इस हादसे में बाल-बाल बच गया, लेकिन हजारों रुपये का घरेलू सामान मलबे के नीचे दबकर खराब हो गया। जानकारी के अनुसार धरोदी रोड फाटक स्थित कॉलोनी में महिला बाला पत्नी स्व. सुरेश कुमार अपने परिवार के साथ मकान में रहती है। पिछले कई दिन से बारिश होने से उसके मकान की छत की हालत खस्ता हो गई। बाला ने बताया कि शनिवार रात वह अपने दो बेटे और दो बेटियों के साथ आंगन में बैठी थी कि अचानक बारिश के कारण मकान की छत गिर गई। उन्होंने बताया कि छत गिरने से उसका परिवार तो बच गया लेकिन उसके कमरे में रखा टीवी, मशीन, चारपाई सहित सारा जरूरतमंद सामान खराब हो गया। बाला ने कहा कि पति की मृत्यु के बाद परिवार का पालन-पोषण मुश्किल से चल रहा था। अब उन्हें बिना छत के ही गुजारा करना पड़ेगा। महिला ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। महिला ने कहा कि अगर परिवार की कोई सहायता नहीं हुई तो पूरे परिवार को गली में गुजारा करना पड़ेगा।