लोक नृत्य में ढाठरथ की टीम ने मारी बाजी
अमर उजाला ब्यूरो
पिल्लूखेड़ा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिल्लूखेड़ा में खंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोक नृत्य, सांझी बनाओ, रागिनी आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में खंड के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व उच्च विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। प्रिंसिपल रामनिवास शर्मा ने विशेष तौर पर शिरकत की। कार्यक्रम में शिव कुमार, सुनीता, गगनदीप व सुनील कुमार ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। मंच का संचालन पवन दीक्षित ने करते हुए बताया कि छात्र छात्राएं जिस प्रकार से बढ़ चढ़कर भाग ले रहे है, इससे खंड पिल्लूखेड़ा के बच्चों में चहुमुखी प्रतिभाओं में निखार आ रहा है बच्चे इन कार्यक्रमों में हार जीत की परवाह किए बिना भाग ले। ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्हें दूसरे प्रतिभागियों से कुछ न कुछ सीखने को मिलता है। अपने जीवन में ग्रहण करके लाभ उठाते हैं। प्रधानाचार्य रामनिवास शर्मा ने सभी बच्चों व शिक्षकों का विद्यालय में आने पर स्वागत किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई के पात्र बताते हुए विजयी टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोक नृत्य, सांझी बनाओ व रागिनी हमारी लोक संस्कृति में है। ग्रामीण महिलाएं जब विवाह शादी व अन्य कार्यक्रमों में लोक नृत्य करती हैं, तो सभी महिलाएं उनका साथ देती हैं। लोक नृत्य के बगैर कोई भी कार्यक्रम शोभा नहीं देता। प्रतियोगिता में लोक नृत्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाठरथ की टीम प्रथम, मोरखी स्कूल की टीम द्वितीय व पिल्लूखेड़ा स्कूल की टीम तृतीय स्थान पर रही। रागिनी प्रतियोगिता में मोरखी स्कूल की टीम प्रथम, पिल्लूखेड़ा स्कूल की टीम द्वितीय व रिटौली की टीम तृतीय स्थान पर रही। सांझी बनाओ में ढाठरथ स्कूल की टीम प्रथम, पिल्लूखेड़ा स्कूल की टीम द्वितीय व रिटौली की टीम तृतीय स्थान पर रही। इस मौके पर अध्यापक शिव कुमार शर्मा, महेंद्र वशिष्ठ, पवन दीक्षित, सत्यनारायण शास्त्री, सुनील मोरखी, अध्यापिका गगनदीप, सुनीता, सुषमा, उर्मिला, संतोष व गायत्री मौजूद रही।