जींद। आसन गांव में अनुसूचित जाति से संबंध रखने लोगों ने गांव के ही कुछ प्रभावशाली लोगों पर 26 वर्षीय संदीप को बंधक बनाकर जबरन काम करवाने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। इसको लेकर ग्रामीण रविवार को डीएसपी कप्तान सिंह से मिले। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि प्रभावशाली लोगों ने पहले तो अपने खेत में काम कराया, इसके बाद युवक को फांसी पर लटकाकर मारने का प्रयास किया। युवक किसी तरह दबंगों से चुंगल ने बच निकला। बाद में युवक का इलाज पीजीआई रोहतक में करवाया गया। युवक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस भी दबंगों के प्रभाव में आ गई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके विरोध में ग्रामीण नारेबाजी करते हुए डीसी अमित खत्री के निवास स्थान पर पहुंच गए और डीसी को अपने बात सुनाई। ग्रामीण राजेश, दलबीर, रमेश, मदन, पंच सतबीर पंच, रामफल, जयभगवान ने बताया कि 26 वर्षीय संदीप गांव में बाइक रिपेयर की दुकान चलाता है। एक अगस्त को गांव के ही प्रभावशाली लोगों उसे काम के लिए अपने खेत में ले गए। यहां उससे कई घंटे काम कराया। बाद में इन लोगों ने संदीप को पीटना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि इस दौरान आरोपी शराब पीने लगे और संदीप मौके पाकर उनके चुंगल से निकल गया। फिलहाल संदीप का इलाज पीजीआई रोहतक में चल रहा है। डीएसपी कप्तान सिंह ने मामले में सही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।