शहर की कॉलोनियों में बुखार पीड़ितों के सैंपल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। जिला में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग को मिली डेंगू रिपोर्ट में दो वर्षीय बच्चे समेत 13 नए डेंगू के केस नए मिले। इसके चलते जिला में डेंगू पॉजिटिव की संख्या 141 हो गई है। इसमें से छह केस शहर की कॉलोनियों व सात केस ग्रामीण क्षेत्र में मिले हैं। हालांकि डेंगू के टेस्ट चार दिन के बाद हुए हैं।
सीएमओ डॉ. मंजू कादयान ने डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सैंपल बढ़ाने के साथ-साथ प्रतिदिन टेस्ट करने के आदेश दिए हैं। वहीं कई लोग निजी लैबों में भी कार्ड टेस्ट से प्रतिदिन टैस्ट करवा रहे हैं। इनमें भी डेंगू की पुष्टि हो रही है और निजी अस्पतालों में उन मरीजों को डेंगू का ही उपचार दिया जा रहा है।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा के नेतृत्व में विश्वकर्मा कॉलोनी, रामराये गेट, शर्मा नगर में जागरूकता अभियान चलाया। जिन घरों में डेंगू के केस मिले हैं, उनके परिवार व आसपास के घरों में सैंपल लिए गए। विभाग के सर्वे के दौरान 17 लोग बुखार पीड़ित मिले और उनके खून के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए और उन एरिया में फॉगिंग करवाने के लिए नगर परिषद को लिखा गया है। मलेरिया नोडल अधिकारी डॉ. संदीप ने बताया कि डेंगू को देखते हुए विभाग द्वारा प्रतिदिन सैंपल लेकर उनकी जांच की जा रही है। आमजन को भी डेंगू व स्वच्छता को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। स्वास्थ्यकर्मी शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में लगतार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक से उपचार करवाएं।