जींद। प्रदेश सरकार एकलव्य स्टेडियम में चार दिसंबर को सैन भगत जयंती पर राज्य स्तरीय रैली कर रही है। इस रैली को मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल संबोधित करेंगे।
रैली में लोगों को शामिल करने के लिए सरकार ने रोडवेज बसों की व्यवस्था की है। रोडवेज ने रैली के लिए स्पेशल 125 बसों की व्यवस्था की है। इसमें से 96 बस जींद उपकेंद्र, 16 बस नरवाना सबडिपो और 13 बसें सफीदों से मंगवाई गई हैं। यह बसें अलग-अलग जगह से लोगों को लेकर रैली स्थल पर पहुंचेगी। इसके लिए रोडवेज ने रूट प्लान भी तैयार किया है। रोडवेज बसें ईगराह की बड़ी चौपाल, कैरखेड़ी बस स्टॉप, बस स्टॉप निर्जन, सिवाहा, तलोडा, खटकड़, छात्तर, पेगां, पालवां, उचाना मंडी, डाहोला, जुलाना, बुआना, नदंगढ़, पिंडारा, भंभेवा, पड़ाना, जाजवान, ईटल खुर्द, घोघडिय़ां, ईक्कस, राम कॉलोनी, आश्रम बस्ती, जीतगढ़, अमरहेड़ी, रूपगढ़, बीबीपुर, जलालपुर कलां, दुर्गा कॉलोनी, शिव कॉलोनी, बैंड मार्केट, अकालगढ़, जैजैवंती, झमोला, करेला, कंडेला, दालमवाला, रायंदवाला, खुंगा, जुलानी, संगतपुरा, लोहचब, निर्जन, बरसाना, नगूरां, रधाना, झांझ खुर्द, थुआ, मनोहरपुर, बोहतवाला, ढांडा खेड़ी, बडा़ेदी, घिमाना, लखमीरवाला, किनाना के अलावा शहर में भी अलग-अलग जगह से लोगों को लेकर आएंगी। वहीं नरवाना से दनौदा, लितानी, बिठमड़ा, बुढ़ाखेड़ा, राजगढ़ ढोबी, उझाना, धमतान साहिब, सुंदरपुरा, धरोदी, और घसो के अलावा कालवा, रोजला, साहनपुर, पाजूकलां, रिटोली, हाडवा और मुआना से लोगों को बैठाकर रैली स्थल पर छोड़ेगी।
लंबे रूटों पर होगी परेशानी
रैली को लेकर आरक्षित की गई रोडवेज बसों के कारण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। यात्रियों को प्राइवेट बसों पर ही निर्भर रहना पड़ेगा। नरवाना, असंध, पानीपत, गोहाना, हांसी जैसे लोकल रूट पर 100 के लगभग प्राइवेट बस चलती हैं लेकिन लंबे रूट पर प्राइवेट बस नहीं होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। जींद से रोहतक, भिवानी, कैथल, कुरुक्षेत्र जैसे रूटों पर प्राइवेट बसों की सुविधा नहीं है। 125 बस रैली में लेकर जाने पर अन्य यात्रियों के लिए केवल 72 रोडवेज बस ही उपलब्ध रहेंगी। वहीं पिछले भी महीने करनाल में आयोजित अंत्योदय महासम्मेलन में भी जींद से 112 रोडवेज बस भेजने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी थी।
चार दिसंबर को सैन भगत की जयंती पर आयोजित रैली को लेकर जींद डिपो और सबडिपो की लगभग 125 बसों को आरक्षित रखा है। डिपो की अन्य बसों को रूटों पर चलाया जाएगा। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बसों को रूटों पर चलाया जाएगा।
राजबीर शामदो, ईंचार्ज, डयूटी सेक्शन कार्यालय