जुलाना। नारनौल से कुरुक्षेत्र तक बनने वाले नेशनल हाईवे 152डी के भूमि अधिग्रहण मुआवजे की मांग को लेकर नौ गांवों के किसानों का धरना सोमवार को 13वें दिन भी जारी रहा। जींद-रोहतक मार्ग पर किलाजफरगढ़ गांव के पास धरने पर किलाजफरगढ़, बुढ़ा खेड़ा, अकालगढ़, लजवानां कलां, फतेहगढ़, लजवानां खुर्द, सिरसा खेड़ी नंदगढ़, हथवाला गांवों के किसान बैठे हैं। धरने की अध्यक्षता जिले सिंह बुढ़ा खेड़ा ने की। सोमवार को किसानों से धरना समाप्त करने की मांग लेकर सोनीपत से सांसद रमेश कौशिक के भाई राजेेंद्र कौशिक व हाउसिंग फेडरेशन चेयरमैन ओपी पहल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन विष्णु शर्मा, निगरानी कमेटी के प्रमुख सतीश सांगवान, जसबीर पहुंचे। उन्होंने किसानों को मनाने की कोशिश की, लेकिन किसानों ने सरकार द्वारा लिखित आश्वासन पर अड़े रहे। किसानों ने कहा कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिल जाता तब तक धरने से नहीं उठेंगे। सरकार द्वारा लिखित आश्वासन को ही मानेंगे। भाजपा के नेताओं ने कहा कि धरना समाप्त कर दो, 23 मई के बाद आपकी मांग का समाधान करवा दिया जाएगा, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। किसानों का कहना है कि जब तक उन्हें ठोस आश्वासन नहीं मिलता तब तक वे धरने से नहीं उठेंगे। इस मौके पर किसान जिले सिंह, अनिल, जगदेव, पालाराम, राजेश, अजित, मोनू, जोगेंद्र, महाबीर, दिलबाग सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।