सीआईडी अधिकारी की सतर्कता से बची मोर की जान
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। गांव बांगडू कलां में गंभीर रूप से घायल राष्ट्रीय पक्षी मोर की जान सीआईडी अधिकारी उप-निरीक्षक तेज सिंह हुड्डा के प्रयासों से जान बचाई गई। वीरवार सुबह गांव बागडू कलां निवासी रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर सतबीर सिंह गांव में सैर करने के लिए जा रहे थे तो रास्ते में उन्होंने देखा कि मोर गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने ने उसी सूचना सफीदों क्षेत्र के सीआईडी अधिकारी तेज सिंह हुड्डा को दी। सूचना पाकर सीआईडी अधिकारी ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटनाक्रम के बारे की जानकारी वाइल्ड लाइफ अधिकारी मनबीर सिंह को दी और स्वयं बागडू कलां गांव में मौके पर पहुंचे। उधर से वाइल्ड लाईफ जींद की ओर से वजीर सिंह व बिजेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। इस दौरान गांव के काफी लोग मौके पर जमा हो गये। विभाग की टीम ने गंभीर रूप से घायल मोर को पानी पिलाते हुए अन्य प्राथमिक उपचार दिया। मोर की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई थी। मोर चलने-फिरने में भी असमर्थ था। बताया जाता है कि मोर की टांग भी टूटी हुई थी। विभाग की टीम ने ज्यादा समय न खराब करते हुए मोर को तुरंत अपने कब्जे में लेकर जींद के लिए रवाना हो गए। टीम में शामिल वजीर ने बताया कि मोर को जींद ले जाकर इलाज किया जा रहा है। जब तक ठीक नहीं हो जाता तब-तक उसका इलाज करवाया जाएगा। सीआईडी अधिकारी तेजसिंह हुड्डा व गांव के निवासी रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर सतबीर सिंह की गांव के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में तारीफ की जा रही है।