एमपीएचडब्ल्यू ने सरकार के खिलाफ थाली बजाकर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन ने मंगलवार को प्रदेश सरकार से लंबित मांगों को पूरा करवाने के लिए थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का हड़ताल 16 दिनों से नागरिक अस्पताल में जारी है। वरिष्ठ उपप्रधान बीरमति, पूर्व जिला प्रधान शक्ति सिंह व उप प्रधान सरोज चहल ने बताया कि सरकार द्वारा उनकी मांगों को नहीं माने जाने के कारण कर्मचारी हड़ताल पर हैं। सरकार उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही। इसके विरोध में सभी कर्मियों ने बुधवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंकने का फैसला किया है। सुरेश मंगलपुर ने कहा कि सरकार अपनी हठधर्मिता और तानाशाही रवैये को छोड़कर सभी दर्ज मुकदमों को वापिस ले और बर्खास्त कर्मचारियों को बहाल करे। इसके अलावा स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों को लागू करते हुए स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करवाए। इस मौके पर राजेश कुमार, स्नेहलता, रोहताश गिल, तेजबीर, नरेंद्र, जगदीश, हरेंद्र चहल, रोशनी, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, सुदेश देवी, रमेश देवी, सुरेश कटारिया और बलवान मौजूद रहे।