संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। दसवीं और 12वीं कक्षा की पूरक व कंपार्टमेंट की परीक्षाएं 20 जुलाई से शुरू होंगी। इसके लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने डेटशीट जारी की है। जिले में 12वीं कक्षा में 16081 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी जिसमें से 1979 की कंपार्टमेंट आई थी, जबकि दसवीं कक्षा में 16570 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 1719 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई थी। अब इन विद्यार्थियों के पास परीक्षा देकर उत्तीर्ण होने का अवसर है।
बोर्ड की ओर से जारी किए गए पत्र के अनुसार 20 जुलाई को 12वीं कक्षा की परीक्षा होगी, जिसमें कंपार्टमेंट व किसी विषय विशेष में सुधार के लिए दोबारा से परीक्षा दी जा सकती है। इसमें अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, गणित, भूगोल, राजनीतिक विज्ञान, भौतिक, जीव विज्ञान विषय की परीक्षा दोपहर दो बजे से लेकर शाम पांच बजे तक होगी। वहीं कंप्यूटर साइंस, गृह विज्ञान, फाइन आर्ट्स व संगीत विषय की परीक्षा दोपहर दो बजे से लेकर साढ़े चार बजे तक होगी। दसवीं कक्षा की परीक्षा 21 जुलाई से शुरू होगी। 21 जुलाई को गणित विषय, 22 को विज्ञान, 24 को सामाजिक विज्ञान, 25 को अंग्रेजी व 26 को हिंदी विषय की परीक्षा होगी। वहीं 27 जुलाई को पंजाबी, संस्कृत, उर्दू, संस्कृत, गृह विज्ञान जैसे विषयों की परीक्षा होगी। यह विद्यार्थियों के लिए परीक्षा में अंक बढ़वाने व पास होने का बेहतर अवसर है।
बाक्स
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने पूरक व कंपार्टमेंट परीक्षाएं 20 जुलाई से करवाने के लिए पत्र जारी किया है। 20 जुलाई से परीक्षाएं शुरू होंगी। ऐसे में जिन विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है, वह विद्यार्थी दोबारा से अच्छे से तैयारी करके परीक्षा में पास हो सकते हैं।-रामनिवास शर्मा उप जिला शिक्षा अधिकारी जींद।