जींद। भिवानी जिले के गांव पपोसा निवासी एक व्यक्ति से जुलाना निवासी नौ लोगों ने कंपनी में निवेश का झांसा देकर एक करोड़ 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। जब पीड़ित ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने युवक की शिकायत पर नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में भिवानी जिले के गांव पपोसा निवासी प्रवीण ने कहा कि जुलाना निवासी दीपक जांगड़ा, संदीप जांगड़ा, सुभाष उर्फ भाषा, विजय उर्फ टूंडा, डारविन कंपनी के चेयरमैन अजय हरिनाथ, सोहित, फरमाना निवासी सतेंद्र, चंडीगढ़ निवासी सुमित जांगड़ा व प्रवीन का उनके पास आना जाना था। आरोपियों ने उसे कई कंपनियों में भी निवेश करने की सलाह दी। आरोपियों ने उसे झांसा दिया कि उसके पैसे दोगुना हो जाएंगे। इस कारण वह झांसे में आ गया और उसने खुद व अन्य रिश्तेदारों के एक करोड़ 60 लाख रुपये निवेश कर दिए। उसने कुछ समय बाद जब अपने पैसे मांगे तो आरोपियों ने उसे कई बार अलग-अलग तरीख दी। जब निश्चित किए गए दिन आरोपियों के पास पैसे लेने के लिए जाता तो आरोपी उसे अगली तारीख बता दे। बाद में आरोपियों ने उसे पैसे देने से मना कर दिया और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जुलाना थाना प्रभारी समरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने प्रवीन की शिकायत पर नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।