बहादुरगढ़। इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर पहले बहादुरगढ़ के गांव जाखौदा के पास एक रेस्टोरेंट में बुलाया और फिर चार लोगों ने युवक का अपहरण कर लिया। उसे रोहतक की तरफ गाड़ी में डालकर ले गए। जैसे-तैसे सूचना पुलिस को मिली। थाना आसौदा और सीआईए-2 पुलिस के साथ-साथ साइबर सेल जांच में जुटी। आखिरकार पुलिस ने चार अपहरणकर्ताओं में से दो को काबू किया और युवक को रोहतक में उनके चंगुल से छुड़वाया।
आसौदा थाना पुलिस ने शिकायत पर चार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अभिनव निवासी मारौत, झज्जर ने बताया कि वह 11 अक्तूबर को बहादुरगढ़ में आरटीए कार्यालय में मौजूद था। उसे इंस्टाग्राम पर एक मैसेज आया कि रेस्टोरेंट पर आ जाओ, वह अपनी स्कूटी लेकर ढाण रेस्टोरेंट पर चला गया। जहां पर पहले से चार युवक मौजूद थे। वहां पहुंचते ही उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर सांपला, रोहतक की तरफ ले गए।
अभिनव के मुताबिक वे आपस में अपना नाम हर्ष, कपिल, अंकित व मोहित ले रहे थे। एक शख्स ने पुलिस को कंट्रोल रूम में सूचना दी कि स्कूटी सवार एक युवक को चार शख्स एक गाड़ी में डालकर मारपीट करते हुए रोहतक की तरफ ले गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां एक स्कूटी खड़ी थी। स्कूटी की डिटेल निकालने पर पता चला कि स्कूटी मालिक संदीप निवासी मारौत, झज्जर है।
संदीप ने बताया कि उनका लड़का अभिनव स्कूटी लेकर बहादुरगढ़ गया है और फोन नहीं उठा रहा है। इसी दौरान सीआईए-2 से एसआई राजेश दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना साइबर सेल को भी दी गई। अभिनव के फोन की लोकेशन सांपला की मिली। इस पर सीआईए-2 पुलिस सांपला पहुंची। इसके बाद आरोपियों की लोकेश बदल गई और फिर से चैक करने पर लोकेशन दिल्ली बाईपास रोहतक की मिली।
पुलिस आगे बढ़ी और रोहतक में आसौदा और सीआईए-2 पुलिस को एक गाड़ी सड़क किनारे खड़ी मिली। जांच करने पर गाड़ी के अंदर से हर्ष निवासी रोहतक, कपिल निवासी खासरौली मिला। दोनों को काबू किया गया। जबकि अभिनव को उनके चंगुल से छुड़वाया। हर्ष और कपिल के दो साथी अंकित व मोहित फरार हो गए। अभिनव का आरोप है कि चारों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे जबरदस्ती गाड़ी में डालकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।