बहादुरगढ़। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (एमआईई) पार्ट-ए में 34 वर्षीय अजीत कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बिहार निवासी अजीत टिकरी बॉर्डर पर रहता था। वह एमआईई पार्ट-ए की एक फुटवियर कंपनी में कार्यरत था। मंगलवार को वह काम पर गया था। उसकी सुबह 9 से शाम 7 बजे तक की पाली थी। शाम करीब 7 बजे छुट्टी के बाद वह वहीं बैठा रहा। सुरक्षाकर्मी के कहने पर उसने कोई जवाब नहीं दिया और बेसुध होकर गिर गया। साथी कर्मचारियों ने उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से नागरिक अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। अजीत चार बच्चों का पिता था। परिजनों ने करंट से मौत की आशंका जताई, जबकि हृदयाघात की भी चर्चा है। पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा, जिसके बाद आगामी कार्रवाई होगी।