बहादुरगढ़। बादली में बाईपास पर वीरवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मृतक की पहचान करीब 35 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है। कुलदीप बादली का रहने वाला था। वीरवार की सुबह वह अपने खेतों की तरफ गया था। बाईपास पर जब वह सड़क किनारे पैदल जा रहा था तो एक ट्रक की चपेट में आ गया। कुलदीप को कुचलकर ट्रक आगे बढ़ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर बादली थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर बहादुुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। हादसे की जानकारी पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। दोपहर बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। कुलदीप की मौत के लिए ट्रक चालक को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। जांच अधिकारी अशोक ने कहा कि बाईपास पर एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच की जा रही है।