बादली। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर मरीजों को सुविधाएं मुहैया कराए जाने के लिए एक माह पहले एक्स-रे मशीन आई थी, लेकिन विभागीय लेटलतीफी के चलते लाखों रुपये की यह मशीन अस्पताल में धूल फांक रही है। जिसका मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रही है।
सीएचसी में एक्स-रे मशीन सुविधा शुरू नहीं होने के चलते रोगी एक्सरे के लिए बहादुरगढ़, झज्जर या दिल्ली का सफर तय करने को मजबूर हैं। ऐसे में मरीजों व तीमारदारों को जहां दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तो वहीं उनको अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही हैं। मशीन सीएचसी के एक कमरे रखी है। मरीजों की सुविधा के लिए इसे अभी तक चालू नहीं करवाया गया है। लाखों की लागत की यह मशीन मरीजों व तीमारदारों को मुंह चिढ़ा रही है। वहीं अस्पताल प्रशासन एक्स-रे टेक्नीशियन और फिटिंग न होने की बात कह रहा है जबकि मरीजों को भाग दौड़ करना मजबूरी बन गई है। सीएचसी अधीक्षक डाक्टर शशि ने बताया कि एक्सरे मशीन के फिटिंग का कार्य किया जा रहा है। जल्द से जल्द मशीन को चालू करा दिया जाएगा।