बहादुरगढ़। दवा लेने के लिए घर से निकली एक महिला रेल टै्रक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई की गई है।
मृतका की पहचान करीब 47 वर्षीय गीता के रूप में हुई है। गीता मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी। पिछले करीब डेढ़ दशक से यहां परिवार सहित छोटूराम नगर में रह रही थी। वह तीन बच्चों की मां थी। बताते हैं कि पिछले कुछ समय से उसके घुटनों में दर्द था। जहां से दवाई लेती है, वहां सुबह लाइन लग जाती है। जल्दी नंबर आने के चक्कर में वह सोमवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे ही घर से निकल दी। बस्ती के नजदीक ही जब रेलवे लाइन पार कर रही थी तो गाड़ी की चपेट में आ गई। इस वजह से मौत उसकी हो गई। किसी ने सूचना दी तो पुलिस माके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपड़ोस में पूछताछ की तो शिनाख्त हो गई। इसके बाद शव को नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। दोपहर को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। जीआरपी थाने से जांच अधिकारी जोगेंद्र सिंह ने कहा कि सोमवार की सुबह छोटूराम नगर के पास एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। परिजनों के बयान पर घटना को संयोग मानकर कार्रवाई की गई है।