बहादुरगढ़। साउथ कोरिया से एशियन यूथ नेटबॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी शहर निवासी माही कौशिक व टीम की अन्य सदस्यों का बहादुरगढ़ में सोमवार को जोरदार अभिनंदन किया गया। नजफगढ़ रोड स्थित प्राचीन बालाजी मंदिर में दर्शन के बाद खिलाड़ियों को ढोल नगाड़ों के साथ सेक्टर-9 तक ले जाया गया। फूल और नोटों की मालाओं से सम्मानित किया गया।
10 से 17 जून तक साउथ कोरिया में एशियन यूथ नेटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। इसमें भारत की टीम ने इस चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और एशिया में पांचवा स्थान प्राप्त किया था। इस टीम में बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 की निवासी माही कौशिक भी शामिल थी। माही कौशिक सोमवार को बहादुरगढ़ पहुंची। उसके साथ कोच सोनम डागर, आरती धानिया व खिलाड़ी सोनम शर्मा थी। इन चारों का नजफगढ़ रोड स्थित बालाजी मंदिर के बाहर जोरदार अभिनंदन हुआ। मंदिर में दर्शन के बाद ढोल नगाड़ों के साथ चारों को सेक्टर-9 स्थित समारोह स्थल तक ले जाया गया। जहां फूलों, नोटों की मालाओं से उनको सम्मानित किया गया। पिता राजेंद्र, मां संतोष, सरोज, नानी कलावती, नरेश भारद्वाज, हरज्ञान फौजी, देवेंद्र भारद्वाज व महेंद्र भारद्वाज सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों का सम्मान किया। ऋषि भारद्वाज ने नकद राशि भेंटकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। माही ने कहा कि उन्होंने चैंपियनशिप में अपनी ओर से भरसक प्रयास किए। अगला लक्ष्य भविष्य में प्रस्तावित प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतना है। भाजयुमो जिला अध्यक्ष नवीन बंटी ने विजेता खिलाड़ी का स्वागत किया।