बेरी। करीब 20 हजार की आबादी वाले बेरी कस्बे में पिछले कई दिनों से पेयजल की किल्लत बनी हुई थी। विभाग की तरफ से कस्बे में तीन दिन में एक बार पेयजल की सप्लाई दी जा रही थी, लेकिन तीन दिन में एक बार दी जाने वाली सप्लाई भी आधे घंटे तक दी जाती थी, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
विभाग के अधिकारियों का कहना था कि झज्जर डिस्ट्रीब्यूटरी में 25 दिसंबर को पानी आना था, लेकिन समय पर नहर में पानी नही आने से कस्बे में पेयजल की समस्या बनी हुई थी। सोमवार को झज्जर डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी आने के बाद विभाग की तरफ से जलघर के टैंकों में स्टोरेज करना शुरू कर दिया है। 2-3 दिनों में टैंकों में पानी स्टोरेज होने के बाद ही विभाग की तरफ से सुचारू रूप से पानी की सप्लाई दी जाएगी।
विभाग के जेई लोकेश ने बताया कि 40 दिन में जवाहर लाल नेहरू कैनाल नहर 24 दिन बंद रहती है और 16 दिन चलती है। झज्जर डिस्ट्रीब्यूटरी 40 दिनों में 8 दिन चलती है। लेकिन नवंबर में जब झज्जर डिस्ट्रीटब्यूटरी में पानी आया तो विभाग को 8 दिन पानी दिया जाना था, लेकिन विभाग 3 से 4 दिन पानी दिया, वह भी पूरा नही मिला। इससे विभाग पानी की स्टोरेज नहीं कर पाया। इसके चलते कस्बे में पानी की समस्या बनी हुई थी।
व्हाट्सअप ग्रुप पर लोगों डाली शिकायत
विभाग की तरफ से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया हुआ था। इसमें कस्बे के लोगों को जोड़ा गया। लोगों ने व्हाट्सएप ग्रुप पर पानी की समस्या को लेकर शिकायत डाली। कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंच रहे लोगों को भी विभाग के अधिकारी आश्वासन दे रहे थे कि नहर में पानी आने के बाद समस्या का समाधान हो जाएगा।
सोमवार को झज्जर डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी आ गया है। पानी आने के बाद टैंकों में स्टोरेज करना शुरू कर दिया गया है। टैंकों में स्टोरेज होने के बाद कस्बे में सुचारू रूप से पानी की सप्लाई कर दी जाएगी। आमजन को किसी प्रकार की कोई परेशानी नही होने दी जाएगी।
- लोकेश, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, बेरी।