झज्जर सामान्य अस्पताल में शव लेने के इंतजार में खड़े परिजन साथ है पुलिसकर्मी।
झज्जर। महराणा गांव के जलघर पर कौशल विकास निगम के तहत चौकीदार के पद पर कार्यरत एक व्यक्ति रात को हीटर चलाकर सो गया और सुबह मृत मिला। इसकी जानकारी परिजनों से उस समय लगी जब सुबह वह घर नहीं आया तो परिजन मौके पर पहुंचे। प्राथमिक तौर पर चौकीदार की मौत दम घुटने से मानी जा रही है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छोछी निवासी रमेश कुमार कौशल विकास निगम के तहत महराणा गांव में जलघर पर चौकीदार का काम करता था। वह बुधवार रात को कमरे में रखे हीटर को चलाकर सो गया। सुबह वह घर नहीं पहुंचा तो परिवारजन मौके पर पहुंचे और कमरे में रमेश मृत मिला। जांच अधिकारी हैडकांस्टेबल पवन कुमार ने बताया कि चौकीदार की मौत दम घुटने से हुई है। वह हीटर लगाकर सो गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही असली कारणों का पता लग सकेगा।