झज्जर। पुलिस की एक टीम द्वारा वर्ष 2021 में भारत फाइनेंशियल लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों के साथ छीना झपटी करके नगदी व अन्य सामान छीनने के मामले में एक आरोपी को काबू किया है। थाना कार्यभार प्रबंधक उप निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि महेश निवासी भुपखेड़ा जिला अलवर ने शिकायत देते हुए बताया कि वह भारत फाइनेंशियल लिमिटेड कोसली शाखा में मैनेजर के पद पर कार्य करता है। ये कंपनी गांव व शहर में गरीब महिलाओं के लिए स्वरोजगार करने के लिए ऋण उपलब्ध कराती है। 8 सितंबर 2021 को उसने 4 सेंटरों से 64670 की राशि इकट्ठी की थी। उसके पास कंपनी का टैब और बायोमैट्रिक स्कैनर सीजीटी व कुछ नगदी भी थी। जब वह चांदपुर की चौथी बैठक से किस्त लेकर जा रहा था, तभी चांदपुर गांव के बहार दो अज्ञात लोगों ने उसकी बाइक रुकवा ली। उन्होंने लोहे का डंडा दिखाते हुए नगदी, अन्य सामान व मोटरसाइकिल छीन कर ले गए थे। कुछ दूरी पर जाकर देखा तो वे मोटरसाइकिल को छोड़कर नगदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सचिन निवासी खुड्डन को काबू किया गया। दो दिन की पूछताछ के बाद अदालत झज्जर में पेश किया गया। अदालत के आदेश अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। संवाद