झज्जर। जिला पुलिस टीम ने पूर्व सैनिक गांव मदाना खुर्द की करीब 13 साल पहले हत्या करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विजय निवासी गांव मदाना खुर्द के तौर पर की गई है। आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि आपसी रंजिश के चलते हत्या की थी। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेशानुसार आरोपी को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।सीआईए झज्जर प्रभारी निरीक्षक विवेक मलिक ने बताया कि मृतक की पत्नी ने शिकायत दी थी कि उसका पति महिपाल फौज की नौकरी से रिटायर होकर आया था और उसके बाद खेती-बाड़ी करता था। 21 नवंबर 2011 को वे मकान के दोनों गेट बंद कर सो गए थे। इसके बाद अचानक उसके पति के कमरे से तेज खर्राटे लेने की आवाज आई। उसने कमरे में जाकर देखा तो लाइट जल रही थी। उसका पति कमरे में चारपाई पर सीधा लेट था और खून निकल रहा था। उसने अपनी लड़की को जगाया। खून को नलके पर धोने के लिए ले गए तो गर्दन को सीधा किया तो पता चला कि उसे काट रखा है। उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे तो रास्ते में ही पति ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ थाना बेरी में आपराधिक मामला दर्ज किया। पुलिस ने अब इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।