साल्हावास। राजकीय महाविद्यालय बहु में शनिवार को एनएसएस इकाई के द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने विभिन्न चौराहों और नुक्कड़ों पर सड़क सुरक्षा के नारे लगाते हुए लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। स्वयंसेविकाओं ने सड़क से गुजरने वाले व्यक्तियों से हेलमेट पहनने, सावधानी से वाहन चलाने, शराब पीकर या अन्य नशे की स्थिति में वाहन न चलाने और यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार ने स्वयंसेविकाओं को सड़क सुरक्षा नियमों से अवगत करवाया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी पूजा शर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए दुपहिया वाहन चालकों को वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर कभी भी बात नहीं करना चाहिए।