झज्जर। संत जींदा कल्याणा आश्रम कलानौर के गद्दीनशीन महंत खुशहाल दास महाराज ने कहा कि जहां पर भी गुरु मिल जाएं, वहां पूरी तरह समर्पित हो जाएं।
वह शनिवार को श्री सत जींदा कल्याणा सेवा समिति झज्जर की ओर से पंजाबी धर्मशाला में आयोजित श्री सुंदर कांड पाठ में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ज्ञान के लिए हम सभी के जीवन में गुरु का होना जरूरी हैं। जब तक गुरु न मिल जाएं, तब तक खोज जारी रखनी पड़ेगी। कार्यक्रम के दौरान समाज की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया। इससे पूर्व श्री गुरु महाराज को समिति के सदस्य डाकखाना चौक पर राजू बत्रा के व्यापारिक प्रतिष्ठान से ढोल के साथ कार्यक्रम स्थल तक लेकर आए। कार्यक्रम में कलानौर से पधारे कपूर ने मंडली के साथ गुरु भक्ति के भजन गाए और श्री सुंदरकांड पाठ किया। कार्यक्रम में दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सेवक पहुंचे। इस अवसर पर पूर्ण चंद सुनेजा, पंडित गुलशन शर्मा, प्रधान कृष्ण लाल शर्मा, प्रोफेसर डाॅ. रवि किरण मदान, समिति की ओर से प्रधान हरीश पाहवा मौजूद रहे। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया।