बादली के पास केएमपी एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर वीरवार देर रात को हुए झगड़े में पुलिस कार्रवाई से ग्रामीणों में रोष फैल गया। इस झगड़े में पुलिस ने कई ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज कर तीन युवकों को जेल भेज दिया था लेकिन शुक्रवार रात को झगड़े का वीडियो वायरल होने से ग्रामीणों में आक्रोश बन गया। शनिवार को काफी संख्या में ग्रामीण टोल प्लाजा पहुंचे और नाकों के सामने पंचायत बैठा ली। इससे एक्सप्रेस वे करीब दो घंटे तक टोल फ्री रहा।
दरअसल, वीरवार को हुए झगड़े के मामले में पुलिस ने टोल स्टाफ की शिकायत पर केस दर्ज कर तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर शुक्रवार को जेल भेज दिया। उसके बाद वीरवार के झगड़े का एक वीडियो शुक्रवार रात को वायरल हो गया। टोल प्लाजा पर हुए इस झगड़े में एक कार सवार ग्रामीण युवाओं व महिलाओं के साथ टोल टैक्स को लेकर बहुत बुरा बर्ताव किया गया। नौबत मारपीट व पथराव तक पहुंच गई। यह वीडियो वायरल होने से ग्रामीणों में रोष फैल गया। मामले को लेकर गुलिया खाप के प्रतिनिधि बादली थाना पहुंच गए और जायज कार्रवाई की मांग करने लगे। शनिवार को टोल प्लाजा पहुंचे ग्रामीणों में गुलिया तीसा खाप के प्रधान विनोद गुलिया व नगर पार्षद मामन ठेकेदार भी शामिल थे। कुछ देर बाद क्षेत्र से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की पंचायत की वजह से लगभग दो घंटे तक एक्सप्रेस वे टोल फ्री रहा। ग्रामीणों ने गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों को रिहा करने और महिलाओं व दूसरे वाहन सवार ग्रामीणों के साथ मारपीट करने वाले टोल प्लाजा स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
टोल प्लाजा पर ग्रामीणों के पहुंचने की सूचना पर एएसपी अमित यशवर्धन पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। ग्रामीणों में मौजूद गुलिया तीसा खाप के प्रधान विनोद गुलिया ने कहा कि बादली को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है इसलिए अब तीसा की सरदारी गलत मामले का डटकर मुकाबला करेगी। एएसपी अमित यशवर्धन ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। डीएसपी राहुल देव भी मौजूद रहे।