वैश्य आर्य कन्या कॉलेज में विदेश में शिक्षा की संभावनाओं को लेकर हुआ वेबिनार
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। शहर के वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय में आइक्यूएसी सेल तथा मेंटोर सेल के तत्वावधान में कॅरिअर इन एबरोड वेबिनार का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डा. राजवंती शर्मा ने बताया कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में हर कोई बेहतर शिक्षा अर्जित कर कॅरिअर की ऊंचाइयों पर पहुंचना चाहता है और इस बेहतर शिक्षा के लिए न सिर्फ बच्चे, बल्कि पेरेंट्स भी बच्चों के लिए एक बेहतर विकल्प को प्रमुखता देते हैं। इस वेबिनार की मुख्य वक्ता एसआइइसी की चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर हरप्रीत कौर थी। जिन्होंने वेबिनार के माध्यम से छात्राओं को अवगत कराया कि वे किन किन क्षेत्रों में जाकर अपना कॅरिअर बना सकती हैं। उन्होंने बताया कि यदि कोई छात्रा विदेश में पढ़ाई करना चाहती हैं तो सबसे पहले उसे एक रूपरेखा निर्धारित करनी होगी। सबसे पहले कोर्स और यूनिवर्सिटी का चयन करें। फिर देखें कि किस यूनिवर्सिटी और देश में स्काॅलरशिप मिल सकती है और यूनिवर्सिटी का प्लेसमेंट रिकाॅर्ड कैसा है। पढ़ाई का खर्च देखें। कोशिश करें कि अधिक से अधिक स्कालरशिप मिले। एंट्रेंस एग्जाम के लिए रजिस्ट्रेशन करें। इन सबके अलावा कई नामी विदेशी यूनिवर्सिटी में एंट्रेंस एग्जाम के अलावा इंटरव्यू भी होते हैं। इन सबको पार करके आप अपनी एक अच्छी यूनिवर्सिटी में दाखिला ले सकते हैं और अपनी शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय की आइक्यूएसी सेल की संयोजक सुजाता वर्मा व मेंटोर सेल की संयोजक डा. भारती मिश्रा, तमन्ना, आरती, स्वीटी, ज्योति, दीप्ति, निकिता आदि मौजूद थे।