बेरी। गांव दुबलधन में बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार रात को बिजलीघर पहुंचकर हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने जबरन बिजली आपूर्ति चालू करने की कोशिश की। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों को शांत किया। विद्युत निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने इस घटना के बाद बिजलीघर पर सुरक्षा की मांग की है। आरोपी ग्रामीणों पर दो दिन में कार्रवाई न होने पर धरने प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन सब यूनिट के प्रधान कुलदीप सिंह ने कहा कि बिजलीघर में घुसकर ग्रामीणों ने जिस तरह बिजली की सप्लाई को चालू करने की कोशिश की उसके ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को जान-माल का नुकसान भी हो सकता था। उन्होंने बिजलीघर पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजलीघर में घुसने वाले ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को लिखित में शिकायत देकर 2 दिन का समय दिया गया यदि दो दिन में बिजलीघर में घुसकर हंगामा करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना प्रदर्शन करेंगे। कुलदीप सिंह ने बताया कि बिजली कटौती की जानकारी उन्हें भी नही रहती। फोन पर ही सूचना देकर कटौती कराई जाती है। ऐसे में वह भी कुछ नहीं कर सकते।
वर्जन
ग्रेड सिस्टम को मेंटेन करने के लिए पंचकूला से कट लगते है। इस तरह हंगामा न करें। हंगामा करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ विभागीय कार्रवाही कराई जाएगी।
सुनील कुमार, एसडीओ बिजली निगम बेरी।