बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे के पास एक ट्राला अनियंत्रित होकर पानी के गड्ढे में जा गिरा। दुर्घटना के बाद से चालक लापता है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चालक घायल होने के बाद किसी अस्पताल में भर्ती है या उसके साथ कोई और घटना हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
मामला गांव डाबोदा के नजदीक का बताया जा रहा है। दरअसल, वीरवार की सुबह डायल-112 टीम को सूचना मिली थी कि डाबोदा के निकट एक ट्राला अनियंत्रित हुआ और पलटियां खाते हुए एक पानी के गड्ढे में जा गिरा। इसके बाद टीम वहां पहुंची और जांच शुरू की। नागरिक अस्पताल की एंबुलेंस भी बुलाई गई। काफी देर तक पुलिस ने सर्च किया, लेकिन चालक नहीं मिला। चालक पानी में डूबा है या फिर कहीं चला गया, ये अभी स्पष्ट नहीं है। दरअसल, ट्राले में जीपीएस लगा हुआ है। जब काफी देर तक गाड़ी एक ही लोकेशन पर दिखी तो मालिक वहां पहुंच गया। उसे ट्राला पानी में गिरा हुआ नजर आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। उसने चालक से फोन पर भी संपर्क करने के खूब प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। उधर, सदर थाना पुलिस को देर शाम तक इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिल पाई थी।