बहादुरगढ़। पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले दो शातिर बदमाशों को डेढ़ किलोग्राम अफीम के साथ दबोचा है। दोनों झारखंड के जिला चतरा के रहने वाले हैं। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों में अभिजीत कुमार भारती उर्फ मिंटू व मनोज यादव शामिल हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसटीएफ बहादुरगढ़ के प्रभारी इंस्पेक्टर विवेक मलिक की टीम एक मोस्ट वांटेड अपराधी की तलाश में नरवाना क्षेत्र में थी। इसी बीच उनको गुप्त सूचना मिली कि नशे की तस्करी में लिप्त कुछ लोग नशा सप्लाई करने के लिए नरवाना इलाके में मौजूद हैं। सूचना पर काम करते हुए एसटीएफ की टीम ने नरवाना कस्बे से उपरोक्त दोनों नशा तस्करों को दबोच लिया। सक्षम अधिकारी के समक्ष तलाशी लिए जाने पर उपरोक्त दोनों व्यक्तियों के पास से तीन अलग-अलग पैकिंग में करीब डेढ़ किलोग्राम अफीम बरामद हुई। प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनको आगामी जांच के लिए नरवाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है, ताकि पुलिस उन लोगों से बारीकी से पूछताछ करके नशा तस्करों के इस गिरोह के बाकी गुर्गों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा सके।