बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ में नयागांव बाईपास पर मंगलवार को स्कूटी सवार दो लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गईए जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान करीब 37 वर्षीय मंजीत के रूप में हुई है। वह गांव छारा का रहने वाला था और पेशे से ठेकेदार था। , मंजीत अपने बड़े भाई जगदीश के साथ बहादुरगढ़ आया था। यहां नयागांव बाईपास पर दोनों भाई जेई संदीप हुड्डा से बातचीत कर रहे थे। इसके बाद मंजीत और संदीप स्कूटी पर सवार होकर बहादुरगढ़ शहर की तरफ रवाना होने लगे। इसी दौरान बाईपास पर तीव्र गति में एक ट्रक आया और उनको रौंद दिया और उसे घसीटता हुआ ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो ट्रक रुका, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मंजीत की जान जा चुकी थी और संदीप गंभीर रूप से घायल था। इसी दौरान ट्रक चालक मौके से भाग गया। वहीं जगदीश व अन्य लोगों ने मंजीत तथा संदीप को संभाला और अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सकों ने मंजीत को मृत घोषित कर दिया, वहीं संदीप की हालत नाजुक है। सूचना पाकर सदर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मंजीत दो बच्चों का पिता था। बड़े भाई जगदीश के बयान पर सदर थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में जांच जारी है।।