भिवानी। खाद की आड़ में शराब को अवैध रूप से जयपुर लेकर जा रहे ट्रक को गांव खरककलां में पुलिस ने जब्त किया है। ट्रक में 457 पेटी अंग्रेजी शराब रखी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर उसके चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक अवैध रूप से शराब लेकर 152डी एक्सप्रेसवे के रास्ते चंडीगढ़ से नारनौल की तरफ जा रहा है। इसलिए पुलिस ने खरककलां में नाका लगाकर वाहनों की जांच की। इसी दौरान रोके गए एक ट्रक में खाद के कट्टे भरे मिले। इनके ऊपर तिरपाल लगा था। पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम ब्लॉक बहादुरगढ़ जिला झज्जर के गांव आसंदा निवासी सुमित बताया। वह आजकल नजफगढ़ दिल्ली के राजीव विहार में नई अनाज मंडी के पास रह रहा है।