बहादुरगढ़। शहर में सीवर जाम और गंदे पानी की निकासी से लोग परेशान हैं। नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष और वार्ड 4 के पार्षद राजपाल उर्फ पालेराम शर्मा ने जनस्वास्थ्य विभाग पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को अंतिम चेतावनी दी है। राजपाल शर्मा ने कहा कि सोमवार तक सीवरों की सफाई न होने पर एक्सईएन कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। शहर के कई हिस्सों में सीवर का गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा हो रहा है। इससे आवागमन मुश्किल है, साथ ही दुर्गंध और संक्रमण का खतरा भी बना है। पार्षद ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे। विभाग ने हर बार सफाई का आश्वासन दिया, पर स्थिति नहीं सुधरी। उन्होंने लोगों से भी सोमवार को पब्लिक हेल्थ कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की अपील की। संवाद